गाजीपुर। लूदर्स कांवेंट बालिका इंटर कॉलेज के परिसर में सोमवार को जिला विद्यालय निरीक्षक डा. ओमप्रकाश राय ने हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की टापर्स छात्राओं को डिजिटल अंकपत्र-सह प्रमाणपत्र का वितरण किया। इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक ने विद्यालय की मेधावी छात्राओं को उनकी सफलता के लिए बधाई दी। कोरोना महामारी के कारण उत्पन्न विषम परिस्थिति में माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से उत्तर पु स्तिका का त्वरित मूल्यांकन कराकर जिस प्रकार ससमय परीक्षा परिणाम घोषित किया उसकी प्रशंसा की। डा. राय ने कोरोना की विषम परिस्थितियों में आनलाइन कक्षाओं पर बल दिया। छात्राओं का उत्साहवर्द्धन करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। जिला विद्यालय निरीक्षक ने विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण भी किया। कार्यक्रम में सिस्टर अंजना, सिस्टर मर्सिया, सिस्टर प्रीति, रीता सिंह, मीरा चतुर्वेदी, मनोरमा राय, राजेश राय, शिवशंकर दूबे आदि उपस्थित थे। इससे पहले विद्यालय की प्रधानाचार्या सिस्टर अल्फोंसा ने जिला विद्यालय निरीक्षक का स्वागत किया।