गाजीपुर। जिले के दो थाना क्षेत्रों में मंगलवार को पोखरे में डूबने से बालिका और बेसो नदी में डूबने से वृद्ध महिला की मौत हो गई।
नरियांव गांव निवासी सहिना खातून (10) घर के बाहर खेलते समय एक निजी विद्यालय के पास स्थित पोखरे के पास चली गई। बारिश की वजह से पोखरे में पानी भरा था। बालिका हाथ-पैर धोने के चक्कर में डूबने लगी। छात्र-छात्राओं ने शोर मचाया। जब तक ग्रामीण पहुंचते, बालिका डूब गई। ग्रामीणों ने जाल डालकर और गोताखोरों की सहायता से तलाश शुरू कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंच गई। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद बालिका को जब तक निकाला जाता, उसकी मौत हो गई थी। माता तेतरी खातून सहित अन्य बहनों का रो रोकर हाल बेहाल है। सहिना आठ बहनों में छठवें नंबर पर थी। प्रभारी निरीक्षक अशेष नाथ सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। हलका लेखपाल ने तहसील में रिपोर्ट सौंप दी। उधर, जंगीपुर थाना क्षेत्र के मीठापारा गांव स्थित बेसो नदी के किनारे हाथ पैर धोते समय पैर फिसलने से नदी में डूबकर जगनापुर गांव निवासी तीजा देवी (80) की मौत हो गई। परिजन पुलिस को जानकारी दिए बिना ही शव लेकर घर चले गए।