सैदपुर कोतवाली क्षेत्र के पंडापुर तरांव गांव में शुक्रवार की सुबह छह बजे घर में उपला निकालते सर्प दंश से एक युवती की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों के रोने- बिलखने से गांव के लोगों की भीड़ दरवाजे पर लग गई। ग्रामीण परिजनों को सांत्वना देकर शांत कराने में जुटे रहे।
गांव निवासी वंदना कुशवाहा(20) प्रतापगढ़ में पालीटेक्निक की छात्रा थी। वह छुट्टी पर घर आई थी। खाना बनाने के लिए घर में रखे उपला को निकाल रही थी। इसी बीच सर्प ने उसे काट लिया। इलाज के लिए परिवार के लोग उसे निजी अस्पताल ले गए। जहां हालत में सुधार न होने पर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके बाद परिवार के लोग उसे झाड़-फूंक के लिए अमवा के सती माई ले गये। रास्ते में दम तोड़ दिया। शामचकेरी घाट पर अंतिम संस्कार किया गया।वंदना की मौत से मां सहित परिवार वालों का रो रोकर बुरा हाल है। मृतका अपने दो भाइयों में सबसे छोटी और मेधावी थी।