करंडा। थाना क्षेत्र के रामपुरमाझा बाजार में मंगलवार की शाम तेज रफ्तार बोलेरो की चपेट में आने से खेल रहे भाई - बहन गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें नौ वर्षीय अर्चना की मौत हो गई जबकि अन्य दो बच्चों का इलाज चल रहा है। ग्रामीणों ने चालक को बोलेरो सहित पकड़कर पुलिस को सुपुर्द कर दिया। रामपुरमाझा बाजार में अपने घर के सामने अर्चना उर्फ आशा (9) बहन आंचल (11) और बजरंगी (3) के साथ खेल रही थी। तेज रफ्तार अनियंत्रित बोलेरो की चपेट में आने से अर्चना उर्फ आशा की मौके पर मौत हो गई जबकि आंचल एवं बजरंगी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटना स्थल पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। लोगों ने बोलेरो सहित चालक को पकड़ लिया। इधर घटना की जानकारी होते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेने के साथ चालक को हिरासत में लेकर वाहन को कब्ले में ले लिया। ग्रामीणों ने एंबुलेंस से घायल आंचल एवं बजरंगी को उपचार के लिए सैदपुर सीएचसी भेजवाया। वहीं घटना के बाद से परिजनों के रोने-बिलखने से गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। ग्रामीण बिलख रहे परिजनों को सात्वंना देकर शांत कराने में जुटे रहे। मृतक के पिता संतोष यादव की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी। इस संबंध में थानाध्यक्ष हरिनारायण शुक्ला ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मुकदमा दर्जकर चालक के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।