बहादुरगंज। नगर के विजय राघव संगत कुटी ग्राउंड में रविवार को दो दिवसीय बाबू लड्डू राय मेमोरियल हिंदू-मुस्लिम एकता कबड्डी का आयोजन शुरू हुआ। रविवार को महिला कबड्डी डे-नाइट प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। इसका शुभारंभ मुख्य अतिथि नपां अध्यक्षा निकहत परवीन ने फीता काटकर किया। इसी कड़ी में सोमवार को पुरुष डे-नाइट कबड्डी का आयोजन होगा। उद्घाटन मैच गाजीपुर और बाल्यान एकेडमी अलीगढ़ की महिला टीम के बीच खेला गया। करीब 15 मिनट के रोचक मुकाबले में बालियान एकेडमी अलीगढ़ की टीम ने 13 अंक अर्जित किया। जवाब में शानदार प्रदर्शन करते हुए गाजीपुर की टीम ने 27 अंक अर्जित किया। इस मुकाबले में गाजीपुर की टीम ने 14 अंक से जीत दर्ज की। इस डे-नाइट आयोजन में प्रदेश भर की 22 टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। इनमें विजेता टीम को सोमवार को पुरस्कार वितरित किया जाएगा। इसी तरह पुरुष टीम सोमवार को मैच खलेगी। डेे-नाइट खेल के दौरान करीब 50 टीमें प्रतिभाग करेंगी। इनमें विजेता टीम का पुरस्कार वितरण मंगलवार को होगा। इस मौके पर मुख्य अतिथि ने कहा कि हर क्षेत्र में महिलाएं पुरुषों से कंधे से कंधा मिलाकर अपनी भागीदारी दे रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में कबड्डी जैसे खेलों में इसका प्रमाण है। विशिष्ट अतिथि महिला कबड्डी पूर्व राष्ट्रीय कोच सोनिया कुमारी ने बताया कि वह पांचवां एशियन कबड्डी में भारतीय टीम को गोल्ड दिला चुकी हैं। पूर्व राष्ट्रीय कोच ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि कड़ी मेहनत एवं अनुशासन के साथ कार्य करने पर सफलता मिलती है लेनिक असफलता से निराश नहीं होना चाहिए। बल्कि नए जोश के साथ प्रयास जारी रखना चाहिए। प्रतियोगिता में राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी को अपने बीच पाकर ग्रामीण अंचलों के खिलाड़ियों में जोश भर गया। कार्यक्रम में चेयरमैन प्रतिनिधि रेयाज अहमद अंसारी, रामविलास राय, नकुल मद्धेशिया, लियाकत शाह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।