गाजीपुर के क्वान की डो ख़िलाड़ियों ने मिर्जापुर में जीत का डंका बजाया है। उतर प्रदेश क्वान की डो एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित प्रथम यूपी स्टेट क्वान की डो प्रतियोगिता में गाजीपुर को कुल 256 अंक प्राप्त हुए। वहीं 152 अंक प्राप्त कर वाराणसी की टीम दूसरे स्थान पर रही। 62 अंकों के साथ सहारनपुर की टीम ने तृतीय स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में आरंभ से ही गाजीपुर की टीम का दबदबा देखने को मिला। पहले दिन ही विभिन्न उम्र एवं भार वर्गों में खेलते हुए 23 स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिए। अंतिम दिन टीम 38 स्वर्ण पदकों तक पहुंच गई। वाराणसी की टीम 22 तो सहारनपुर नौ स्वर्ण पदक पर ही कब्जा कर सका। डिस्ट्रिक्ट गाजीपुर क्वान की डो एसोसिएशन की तरफ से नियुक्त कोच पंकज यादव एवं बिपूज कुशवाहा ने बताया कि दो महीने पूर्व बीएचयू वाराणसी में आयोजित एडवांस ट्रेनिंग कैंप में प्रशिक्षण का बहुत लाभ मिला। इसके अलावा गौतम स्पोर्ट्स एकेडमी गैवीपुर में लगातार एक माह से चल रहे शिविर की तैयारी खिलाड़ियों के काफी काम आई। टीम मैनेजर शुभम मिश्रा ने बताया कि जिला टीम में गौतम स्पोर्ट्स एकेडमी गैवीपुर, एमएएच इंटर कॉलेज, एसएस देव पब्लिक स्कूल के दर्जनों क्वान की डो खिलाड़ी सम्मिलित थे। उत्तर प्रदेश क्वान की डो एसोसिएशन के महासचिव अमित कुमार सिंह ने विजेता गाजीपुर, उपविजेता वाराणसी और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली सहारनपुर की टीमों को शुभ कामना दी।