बहादुरगंज। नगर के पूजा पंडालों में स्थापित लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमाओं का विसर्जन बुधवार की देर शाम को तमसा नदी के सती घाट स्थित तालाब में किया गया। पूजा पंडालों में स्थापित लक्ष्मी-गणेश प्रतिमाओं को स्थानीय मां चंडी धाम परिसर ले जाया गया। वहां आरती के बाद परंपरागत मार्गों से होते हुए विसर्जन जुलूस पुरानीगंज स्थित सती घाट पहुंचा जहां तालाब में विसर्जन किया गया। विसर्जन जुलूस में शामिल युवा भक्ति जागरण एवं ढोल-नगाड़े तथा तासे की धुन पर थिरकते, नाचते-गाते एवं जयकारा लगाते रहे। जुलूस के रास्ते में लोगों द्वारा जगह-जगह नाश्ते का प्रबंध किया गया था। जुलूस के आगे-आगे लकड़ीबाज अपनी (लकड़ी खेल) कला का प्रदर्शन करते रहे। सुरक्षा की दृष्टि से विसर्जन जुलूस में क्षेत्राधिकारी कासिमाबाद महमूद अली, थानाध्यक्ष कासिमाबाद पन्नग भूषण ओझा, राजेंद्र गुप्ता, विनोद कुमार, चौकी प्रभारी सुनील कुमार शुक्ला फोर्स के साथ मौजूद थे। प्रतिमा का विसर्जन सकुशल संपन्न होने पर नगर पंचायत के अध्यक्ष प्रतिनिधि रेयाज अहमद अंसारी ने जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक सहित पुलिस एवं नगर पंचायत प्रशासन का धन्यवाद ज्ञापित किया।