गाजीपुर। गंगा का जलस्तर मंगलवार को स्थिर रहा। पिछले पांच दिनों से यह बढ़ रहा था। जलस्तर स्थिर होने से तटवर्ती इलाके के दर्जनों गांव वालों ने राहत की सांस ली है। मंगलवार को गंगा जलस्तर 54.320 मीटर दर्ज किया गया। जो शाम तक बरकरार रहा। जल आयोग के मुताबिक,सोमवार की रात्रि बारह बजे तक बढाव दो सेमी प्रति घंटा बरकरार रहा, जो सुबह नौ बजे तक घटकर एक सेमी रह गया। इसके अगले दो घंटे यानी 11 बजे तक यह बढाव पूरी तरह से रूक गया। अभी गंगा खतरे के निशान से 8.785 मीटर नीचे बह रही है। बता दें कि गंगा खतरे के निशान 63.105 मीटर पर है। केन्द्रीय जल आयोग के प्रभारी हसनैन ने बताया कि गंगा के जलस्तर में छठवें दिन ठहराव हो गया। अगले कुछ दिनों तक जलस्तर में घटाव की उम्मीद है।