शहर के छावनी लाइन में आयोजित वामा वेलनेस शिविर में जांच के बाद दवा लेते पुलिसकर्मी व उनके परिजन
गाजीपुर। वामा सारथी, उत्तर प्रदेश पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन के तत्वावधान में पुलिस लाइन में रविवार को वामा वेलनेस कैंप का आयोजन किया गया। शिविर में पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों, सेवानिवृत्त कर्मियों और उनके परिजनों को होम्योपैथिक एवं एलोपैथिक चिकित्सा परामर्श के साथ निशुल्क दवाइयां वितरित की गईं। पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने बताया कि वामा सारथी की अध्यक्षा कल्याणी वर्मा के निर्देशन में आयोजित इस स्वास्थ्य शिविर का उद्देश्य पुलिस परिवारों, विशेषकर महिलाओं और बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। शिविर का आयोजन पूर्व निर्धारित कैलेंडर के अनुसार प्रतिसार निरीक्षक की मौजूदगी में किया गया। उन्होंने बताया कि विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श दिया और मौसम में होने वाली सामान्य बीमारियों से बचाव के बारे में भी जागरूक किया। जरूरतमंदों को निशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं।