गाजीपुर/औड़िहार। पुलिस ने बृहस्पतिवार की रात बहेरी रेलवे क्रॉसिंग से कुछ दूरी पर पुलिस और अंतरराज्यीय ट्रैक्टर चोर गिरोह के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान एक बदमाश बलवंत सिंह यादव के पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसके साथ ही तीन अन्य साथियों उमेश यादव, मनीष यादव और ब्रजेश यादव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से तमंचा, कारतूस और दो चोरी के ट्रैक्टर बरामद किए हैं। सीओ सैदपुर रामकृष्ण तिवारी ने बताया कि खानपुर पुलिस को सूचना मिली थी कि ट्रैक्टर चोरी करने वाले गिरोह के सदस्य हरिहरपुर से चोरी ट्रैक्टर वाराणसी के चोलापुर क्षेत्र में बेचने जा रहे हैं। पुलिस टीम ने तेलियानी पुलिया के पास घेरेबंदी की। इसी दौरान सामने से ट्रैक्टर आते देख पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो चालक ने पुलिस टीम पर ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश की और भागने लगा। कुछ ही देर में एक और ट्रैक्टर आता दिखा, उसने भी पुलिस टीम पर वाहन चढ़ाने की कोशिश की। सीओ ने बताया कि थानाध्यक्ष ने चेतावनी के लिए हवाई फायरिंग की। इसी दौरान ट्रैक्टर से उतरे बदमाशों में से एक नसीरपुर निवासी बलवंत सिंह यादव ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। सीओ ने बताया कि पुलिस ने घायल बलवंत और उसके तीन अन्य साथियों उमेश यादव, मनीष यादव उर्फ गोलू और ब्रजेश यादव को दबोच लिया। पुलिस ने घायल बदमाश को सीएचसी खानपुर भेजकर इलाज कराया। बताया कि पुलिस ने संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।