-मणिपुर से मंगाकर करते थे बिहार, झारखंड और आसपास के बड़े शहरों में सप्लाई
-दिलदारनगर के टाॅप टेन अपराधी और गैंगेस्टर गुड्डू के घर रखते थे माल
संवाद न्यूज एजेंसी
गाजीपुर। स्वाट/सर्विलांस टीम और दिलदारनगर थाने की पुलिस ने रविवार को चार अंतर्राज्यीय हेरोइन तस्कर को कार समेत बिहार के बार्डर नहर पुलिया रक्सहां बाईपास के पास से गिरफ्तार करने का दावा किया है। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के मुताबिक चारों के पास से 1.5 किलो हेरोइन बरामद हुई है। जिसकी कीमत करीब 1.5 करोड़ रुपये है। पूछताछ में पता चला है कि सभी मणिपुर से हेरोइन लाते थे। इसके बाद उसे बिहार, झारखंड समेत आसपास के प्रांतों के बड़े शहरों में सप्लाई करते थे।
पुलिस अधीक्षक के मुताबिक रविवार को मुखबिर की सूचना पर बिहार बार्डर पर स्थित नहर पुलिया रक्सहां बाईपास के पास सघन चेकिंग चल रही थी। इस दौरान एक कार को रोककर उसकी तलाशी लेने 1.5 किलो हेरोइन बरामद किया गया, जिसकी कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये है। वहीं, कार में सवार मुश्ताक निवासी ग्राम खेकमान थाना थवाल दाम जिला इम्फाल मणिपुर, मोहम्मद अमर खान निवासी उचिवा बनंगबल, मयंग-इम्फाल, इम्फाल पश्चिम, मणिपुर, रकीबुर हसन निवासी मोइजिंग थौबल मयूम, थौबल, थोबल, मणिपुर और मोहम्मद कैश खां उर्फ गुड्डू निवासी मिर्चा, दिलदारनगर गाजीपुर को गिरफ्तार कर लिया गया।
एसपी ने बताया कि आरोपियों में शामिल मोहम्मद कैश खां उर्फ गुड्डू दिलदारनगर थाने का टाॅप-10 अपराधी व हिस्ट्रीशीटर भी है। अभियुक्त मुश्ताक, मोहम्मद अमर खान, रकीबुर हसन ने बताया कि वे मणिपुर से हेरोइन लेकर गुड्डू के यहां देते हैं। इसके बाद सभी मिलकर माल को अधिक दामों में बिहार, झारखंड और बड़े शहरों में सप्लाई करते हैं।