शहर के गोडा देहाती में आगलगी से जली झोपड़ी।
- फोटो : GHAZIPUR
गाजीपुर। जिले के दो अलग-अलग थाना क्षेत्र में मंगलवार की रात अज्ञात कारणों से लगी आग में चार झोपड़ी जलकर राख हो गई। अगलगी की घटना में दो पशु गंभीर रूप से झुलस गए। जबकि दस हजार नकदी सहित घर-गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया। उधर कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने किसी तरह आग पर काबू पाया। नगर कोतवाली के गोड़ा देहाती निवासी शुकंतला देवी अपने परिजनों के साथ घर में सो रही थी। रात करीब दो बजे झोपड़ी से धुआं निकलता देख, वह अभी कुछ समझ पाती कि आग ने विकराल रूप पकड़ लिया। शोर मचाने पर आस-पास के लोगों ने झोपड़ी में बंधी भैंस एवं पड़िया को किसी तरह से बाहर निकाला, लेकिन दोनों पशु गंभीर रूप से झुलस गए थे। इधर घटना की जानकारी होते ही क्षेत्रीय लेखापाल सुबह मौके पर पहुंचे और रिपोर्ट तैयार कर अधिकारियों को सौंप दी। दुबिहां: करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के पाहुपुर गांव निवासी सर्वदेव यादव अपने पशुओं को झोपड़ी में बांधकर सो गए। रात करीब दस बजे धुआं देख शोर मचाने शुरू कर दिए और पशुओं को खोलकर बाहर भेज दिया। आवाज सुनकर जब-तक आस-पास के लोग मौके पर पहुंचते आग ने तीनों झोपड़ियों को आगोस में ले लिया। पीड़ित ने बताया की आग में दस हजार रुपये नकदी एवं घर गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया।