गाजीपुर। नोनहरा पुलिस ने एक सप्ताह पूर्व फत्तेहपुर अटवा गांव में सीमेंटेड शेड को लेकर हुए विवाद में युवक की हत्या के मामले में हत्यारे बबलू उर्फ शमशाद अली कोे शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। इससे पहले पुलिस टीम मुख्य आरोपी सहित दो को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। जबकि वांछित तीसरे आरोपी की तलाश की जा रही थी। बीते आठ जनवरी को सीमेंटेड शेड के टूटने व पैसे के लेन-देन के मामले को लेकर कहासुनी होने के साथ आरोपियों ने चाकू से गोदकर राशिद की हत्या कर दी थी। वारदात में शामिल मुख्य आरोपी समेत दो को पुलिस ने गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया। जबकि तीसरे आरोपी की तलाश पुलिस द्वारा लगातार की जा रही थी। टीम ने शहबाजकुली से मुहम्मदाबाद कोतवाली के फतेहबाग मुहल्ला निवासी बबलू उर्फ शमशाद अली को धर-दबोचा। पूछताछ के बाद उसका चलान कर दिया गया। गिरफ्तारी टीम में थानाध्यक्ष शैलेंद्र प्रताप सिंह, हेड कांस्टेबल विनोद यादव, मनोज वर्मा, दिनेश यादव एवं श्यामबाबू शामिल रहे।