जिला अस्पताल में शनिवार को सुबह 10 बजे जिलाधिकारी आर्यका अखौरी और मेडिकल कालेज के प्राचार्य डा. आनंद मिश्रा ने आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की रैली, फॉगिंग, सैनिटाइजेशन समेत एंटीलार्वा छिड़काव वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान जनपद में एक से 31 अक्तूबर तक चलेगा। इस दौरान शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को घर-घर जाकर बीमारियों के रोकथाम के लिए जागरूक किया जाएगा। इसके साथ ही साफ-सफाई के लिए जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसी कड़ी में दस्तक अभियान 7 से 21 अक्तूबर तक चलाया जाएगा। सभी विभाग मिलकर इंसफेलाईटिस, मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया, कालाजार, डायरिया आदि संचारी रोगों से जुड़ेे आशंकाओं को देखते हुए अन्तर्विभागीय समन्वय स्थापित कर अभियान को सफल बनाएं।
डीएम ने कहा कि जनपद के शहरी/ग्रामीण क्षेत्रों में नगर पालिका एवं नगर पंचायत विभाग द्वारा साफ-सफाई, सैनिटाइजेशन, एंटीलार्वा का छिड़काव, पानी में क्लोरीन की गोलियों के प्रयोग के साथ नालियों-नालों की सफाई, हैंडपंपों का चिह्निकरण, झाड़ियों की कटाई, पशुओं एवं सुअर बाड़े के स्थानों पर साफ-सफाई एवं कीटनाशक दवाओं का छिड़काव किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता सभी के लिए बेहद आवश्यक है। इसके लिए सभी का जागरूक होना बेहद जरूरी है। संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत आशा, आंगनबाड़ी बहनें शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र की आंगनबाड़ी बहनें शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के प्रत्येक परिवारों में जाकर उन्हें जागरूक करेंगी।