नंदगंज। थाना क्षेत्र के सहेड़ी गांव में रविवार की रात सरसौईया बाबा मंदिर के पास स्थित खेत में पपिंग सेट मशीन के कमरे में एक ही चारपाई पर सो रहे दो युवकों पर अज्ञात हमलावरों ने फायर झोंक दिया। इसमें एक युवक घायल हो गया। गोली से घायल युवक को मेडिकल काॅलेज लाया गया। गंभीर होने पर उसे वाराणसी रेफर कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस छानबीन करने में जुट गई।
सहेड़ी गांव निवासी ओमप्रकाश यादव का सरसौईया बाबा मंदिर के पास खेत और पंपिंग सेट मशीन है। देर शाम ओमप्रकाश का पुत्र अत्येन्द्र यादव और कुसम्ही कला निवासी जय प्रकाश राम दोनों खेत की सिंचाई करने गए थे। सिंचाई करने के बाद खाना खाकर मशीन के अंदर बने कमरे में एक ही चारपाई पर सो गये थे। देर रात लगभग दो बजे अज्ञात हमलावरों ने खिड़की से फायर झोंक दिया। इस घटना में गोली अत्येन्द्र यादव के हिप में लग गई। इधर गोली की आवाज सुनकर सो रहे जय प्रकाश की नींद टूट गई और चिल्लाने लगा। घायल को मेडिकल काॅलेज भर्ती कराया गया। वहां हालत गंभीर होने पर वाराणसी रेफर कर दिया। घायल का इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है। पुलिस और फोरेंसिस टीम जांच करने में जुट गई। थाना प्रभारी लालता यादव ने कहा कि घायल युवक के पिता ओमप्रकाश यादव ने दो अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है। मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को चिह्नित करने के साथ गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।