शहर के मालगोदाम रोड पर मोबाइल की दुकान में आग लगने के बाद जला सामान।
- फोटो : GHAZIPUR
गाजीपुर। रेलवे स्टेशन रोड स्थित एक मोबाइल की दुकान में बृहस्पतिवार की देर रात शार्ट सर्किट से आग लग गई। इसमें लाखों का सामान जल गया। बगल में मौजूद एक होटल के कर्मियों ने अग्निशमन यंत्र से दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। शहर निवासी सिराजुद्दीन अहमद की रेलवे स्टेशन रोड पर सागर मोबाइल वर्ल्ड नाम से दुकान है। बृहस्पतिवार की देर शाम नौ बजे दुकान बंद कर वह अपने घर चले आए। रात 11 बजे मकान मालिक ने दुकान से धुआं निकलने की सूचना उन्हें दी। आसपास के लोग दमकल विभाग को सूचना देते हुए आग बुझाने में जुट गए। उधर सूचना देने के बाद भी दमकल कर्मियों के नहीं पहुंचने पर पास में एक होटल से कई अग्निशमन यंत्र निकालकर दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। दुकानदार ने बताया कि आग से दुकान में लगा कम्प्यूटर, मोबाइल के 12 लाख रुपये से अधिक के सामान जल गए।