करंडा/देवकली। थाना क्षेत्र के महाबलपुर गांव में बृहस्पतिवार की देर शाम सात बजे खाना बनाते समय चूल्हे से निकली चिंगारी से आठ झोपड़ियां जलकर नष्ट हो गई। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग की घटना में घर-गृहस्थी का सारा सामान जलकर नष्ट हो गया। गांव निवासी शिवा की झोपड़ी में उसकी पत्नी खाना बना रही थी। इसी दौरान चूल्हे से निकली चिंगारी से झोपड़ी में आग लग गई। जब-तक ग्रामीण मौके पर पहुंचते राधेश्याम, प्रमोद, हरेंद्र और शंभू की झोपड़ी को आग ने अपने आगोश में ले लिया। जब-तक अग्निशमन की टीम पहुंचती ग्रामीणों ने आग पर काबू पा लिया। देवकली संवाददाता के अनुसार सैदपुर कोतवाली क्षेत्र के चितौली गांव निवासी श्रीकांत यादव के पंपिंग सेट पर ट्रैक्टर-ट्राली में लदे पुआल में अज्ञात लोगों ने आग लगा दी। जब-तक आस-पास के लोग घटना स्थल पर पहुंचते ट्रैक्टर-ट्राली सहित पुआल जलकर नष्ट हो गया। पीड़ित ने अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।