सेवराई। गहमर थाना क्षेत्र के जगवल मौजा स्थित खेतों में खड़ी गेहूं की फसल में बृहस्पतिवार की देर शाम संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। आग की घटना में 12 बीघा फसल जलकर राख हो गई। घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। क्षेत्रीय लेखपाल ने नष्ट फसलों का आकलन कर रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को सौंप दी। अगलगी में वृंदावन गुप्ता के चार बीघा, रविंद्र गुप्ता की चार बीघा, शंकर गुप्ता के दो बीघा सहित करीब आधा दर्जन किसानों की 12 बीघा से ऊपर फसल जलकर राख हो गई। ग्रामीणों ने घंटों कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया। सूचना पर पहुंचे हल्का लेखपाल अरुण कुमार ने मौका मुआयना कर पीड़ितों का बयान दर्ज किया और शासन को रिपोर्ट सौंप दी। लेखपाल ने किसानों को आश्वासन देते हुए बताया कि शासन द्वारा पीड़ित किसानों को उचित मुआवजा राशि दी जाएगी।