भदौरा बस स्टैंड के पास स्थित तीन दुकानों में मंगलवार की रात शार्ट सर्किट से आग लग गई। इससे दुकान के अंदर रखा हुआ सामान, फ्रिजर व अन्य जलकर राख हो गया। दुकानदार जब सुबह दुकान खोलने आए तो घटना की जानकारी हुई।
एनएच 124 सी के भदौरा बस स्टैंड पर पुलिस पिकेट के पास ही तीन मिठाई की दुकानें हैं। दुकानदार बीती रात दुकान बंदकर घर चले गए। इस बीच देर रात दुकान में हुए शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लग गई। आग से फ्रिजर, मिठाइयां व अन्य सामान जलकर नष्ट हो गए। सुबह दुकानदार जब दुकान खोलने आए तो घटना की जानकारी हुई। दुकान में धुआं भरा होने के कारण सब सामान खराब हो चुका था।
दुकानदार ने बताया कि इस घटना में करीब एक लाख रुपये से अधिक की क्षति हुई है। अगलगी की घटना की सूचना पर आसपास लोगों की भारी भीड़ जुट गई। अधिशासी अभियंता जमानिया विद्युत वितरण खंड चतुर्थ हेमंत कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं है। संबंधित लाइन मैन व जेई को मौके पर भेजकर दुकानदारों के कनेक्शन की जांच कराई जाएगी। बताया कि घरेलू कनेक्शन के नाम पर कई दुकानदारों के द्वारा कमर्शियल रूप से बिजली का दुरुपयोग किया जा रहा है। शॉर्ट सर्किट कैसे हुई है इसकी भी जांचकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
ब्रिज के पास कार्य कर रहे क्रेन में लगी आग
सुहवल। शहर कोतवाली क्षेत्र के रजागंज चौकी के समीप बुधवार की सुबह गंगा नदी पर रेल कम रोड ब्रिज के पास कार्य कर रहे एक क्रेन में अचानक वह आग के गोले में तब्दील हो गई। इस घटना के बाद रेल परियोजना के निर्माण में जुटी कार्यदायी संस्था व इंजीनियरों में हड़कंप मच गया।
काफी प्रयास के बाद रेल परियोजना के निर्माण में जुटी कंपनी के पानी के टैंकर से एक घंटे बाद आग को बुझाने में सफलता पाई। मिली। तब तक क्रेन का अधिकतर हिस्सा जल चुका था। इस घटना के चलते थोड़ी देर के लिए निर्माण कार्य बंद रहा। बाद में निर्माण कार्य शुरू हुआ। इस बाबत रेल परियोजना के निर्माण में जुटी जीपीटी इंफ्रा प्रोजेक्ट लिमिटेड के वाइस प्रेसिडेंट अश्वनी कुमार ने बताया कि शार्ट शर्किट से आग लगी थी।