बारा। गहमर गांव में शनिवार देर शाम अज्ञात कारणों से लगी आग में दो झोपड़ियां जलकर नष्ट हो गई। अगलगी में गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया। पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे जीवन यापन गुजारने को विवश है। गहमर गांव निवासी प्रकाश चौहान और सुरेंद्र चौहान की झोपड़ी में अज्ञात कारणों से लगी आग में हजारों का सामान चावल, आटा, दाल, कपड़े, चारपाई बर्तन आदि जलकर राख हो गया। आग उस समय लगी, जब परिवार के लोग खेतों में काम करने गया हुआ था। गांव के ही व्यक्ति ने रिहायशी झोपड़ी में आग लगने की जानकारी दी। गांव वालों की मदद से बड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। पीड़ित प्रकाश चौहान की पत्नी आरती देवी और सुरेंद्र चौहान की पत्नी तेतरी देवी ने बताया कि रिहायशी झोपड़ी और सामान जलने से साल भर की मेहनत बेकार हो गई है। मौके पर पहुंचे ग्राम प्रधान बलवंत सिंह बाला ने पीड़ित परिवार को खाने - पीने की चीजों के साथ अन्य जरूरत का सामान उपलब्ध कराया। मौके पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक पवन कुमार उपाध्याय ने हर संभव मदद का आश्वासन दिया।