गाजीपुर। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में सोमवार की देर रात एवं मंगलवार को शार्टसर्किट और अज्ञात कारणों से लगी आग में पांच गुमटी, एक झोपड़ी, एक कापी- किताब की दुकान और एक मकान में रखे लाखों के सामान नष्ट हो गए। आग बुझाने गए दो दमकलकर्मी सिलेंडर फटने से गंभीर रूप से झुलस गए। उनका उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है।
कासिमाबाद संवाददाता के अनुसार मेख गांव स्थित कासिमाबाद- गाजीपुर मार्ग पर नेशनल इंटर कालेज के सामने पांचू गुप्ता की अंडे की गुमटी थी। मंजेश चौहान गाड़ियों की रिपेयरिंग करता है। उसकी गुमटी में रिपेयरिंग से जुड़े सामान थे। इससे सटे बगेदू शर्मा झोपड़ी में बढ़ईगिरी का काम करते हैं। दीपावली की शाम सभी लोग गुमटी एवं झोपड़ी में दीपक जलाकर पूजा पाठ करके अपने अपने घर चले गए थे। रात करीब 11 बजे अचानक एक गुमटी से आग की लपटें निकलने लगी। आसपास के लोग जब तक दौड़ कर आते दोनों गुमटी और झोपड़ी में आग विकराल रूप धारण कर चुकी थी।
सूचना मिलते ही कोतवाली से दमकल गाड़ी और दो कर्मी तत्काल मौके पर पहुंच गए। अभी दोनों दमकल कर्मी पाइप फैला ही रहे थे कि अचानक एक बंद गुमटी में गैस सिलेंडर रखा था जो आग लगने से फट गया। गैस सिलेंडर फटने से दोनों गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां पर चिकित्सकों ने स्थिति गंभीर देखते हुए दोनों को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। घटना में दमकल कर्मी मऊ निवासी राजकुमार राजभर का हाथ, पैर और चेहरा झुलस गया है। वहीं प्रयागराज निवासी सर्वेश यादव भी गंभीर रूप से झुलस गए हैं। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक कमलेश पाल ने बताया कि जिस गुमटी में अंडे की दुकान थी, उसमें सिलेंडर रखा था। आग लगने से गैस सिलेंडर फट गया, जिससे दो दमकल कर्मी झुलस गए। आग कैसे लगी, इसका पता लगाया जा रहा है।
वहीं मरदह संवाददाता के अनुसार थाना क्षेत्र के बहलोलपुर गांव निवासी गुड्डू गुप्ता की अंडा-पान की गुमटी है। सोमवार की रात उसमें आग लग गई। आग ने बगल में सोनू राम की सैलून दुकान, शिवमुनि राजभर की पान दुकान को भी जद में ले लिया। जब तक लोग आग पर काबू पाते तब तक तीनों गुमटी आग का गोला बन चुकी थी। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। अगलगी की घटना में तीनों दुकानदारों का 50 हजार रुपये का सामान नष्ट हो गया।
इधर मटेंहू गांव में सोमवार की देर शाम को बिजली के शार्ट सर्किट से मनोज गोड़ के घर में आग लग गई। आग की चपेट में फ्रीज, कूलर, आलमारी, बेड, बिस्तर सहित पूरा घर गृहस्थी का सामान जलकर नष्ट हो गया। प्रधान राधेश्याम सिंह यादव ने क्षेत्रीय लेखपाल को घटना की जानकारी दी। पीड़ित ने बताया कि अगलगी में दो लाख का सामान जल गया।
वहीं दुल्लहपुर संवाददाता के अनुसार स्थानीय बाजार के बरनवाल गली में बीते 25 अक्टूबर की सुबह जनरल एवं पुस्तक भंडार के थोक दुकान में आग लग गई। दूसरे तल पर सो रहे अभिषेक बरनवाल और उनके परिजनों को घटना की जानकारी हुई तो वह शोर मचाने लगे। लोगों ने सबसे पहले विद्युत उपकेंद्र दुल्लहपुर फोन करके विद्युत आपूर्ति बंद कराई। इसके बाद पानी फेंकने के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन जनरल स्टोर का सारे कीमती सामान जलकर नष्ट हो गए थे।