सुहवल। थाना क्षेत्र के एक परिवार ने अपनी विवाहित पुत्री के साथ धोखा और उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। मामले में पति पर पहली पत्नी के रहते दूसरी शादी करने तथा विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष कमलेश कुमार ने बताया कि पीड़ित मनवर अंसारी ने तहरीर देकर बताया कि उनकी पुत्री साजिया परवीन का निकाह वर्ष 2020 में दिलदारनगर थाना क्षेत्र के पचोखर गांव निवासी मेराज अंसारी के साथ हुई थी। विवाह के बाद कुछ समय तक सब कुछ सामान्य चलता रहा, लेकिन बीते दिनों उन्हें सूचना मिली कि उनकी पुत्री के पति ने पहली पत्नी के रहते दूसरी शादी कर ली है। पीड़ित ने आरोप लगाया कि पुत्री के साथ उसके ससुराल पक्ष से बातचीत और पूछताछ करने पहुंचे तो दामाद मेराज अंसारी भड़क उठा और उनकी पुत्री को जान से मारकर फेंक देने की धमकी देने लगा। थानाध्यक कमलेश कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्जकर छानबीन की जा रही है।