खानपुर। गांवों में जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने के बाद क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की शिकायत अब डिजिटल माध्यम से की जा सकेगी। इसके लिए जल निगम ग्रामीण विभाग की ओर से जल सारथी मोबाइल एप विकसित किया गया है। जल निगम ग्रामीण विभाग की ओर से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्म्त के लिए एक अक्तूबर से 30 नवंबर तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। एप पर सड़क की शिकायत दर्ज करते समय आवेदक को अपना नाम, पता और मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा। इसके साथ क्षतिग्रस्त सड़क के स्थान का उल्लेख करते हुए मौके की फोटो और अधिकतम 20 सेकेंड का वीडियो अपलोड किया जा सकेगा। समस्या को टेक्स्ट के साथ वॉइस के माध्यम से दर्ज करने की सुविधा भी उपलब्ध है। शिकायत दर्ज होने के बाद उसकी प्रगति भी एप के माध्यम से देखी जा सकेगी। जल सारथी एप पर सड़क के अलावा पाइपलाइन में लीकेज, पानी की गुणवत्ता, अनियमित जलापूर्ति और नल कनेक्शन से जुड़ी समस्याओं की भी शिकायत की जा सकती है। जल निगम ग्रामीण के जेई विजय मौर्या ने बताया कि जहां भी सड़क क्षतिग्रस्त हुई है, वहां पहले संबंधित अधिकारियों को इसकी सूचना दें। अगर शिकायत के बावजूद समस्या का निस्तारण नहीं होता है, तो जल सारथी एप के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।