पुलिस लाइन स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय का मामला, 11वीं के 12 छात्र निलंबित
अभिभावकों को बुलाकर निलंबित छात्रों को भेजा गया घर, उनकी सूची पुलिस को सौंपी
संवाद न्यूज एजेंसी
गाजीपुर। शहर कोतवाली के पुलिस लाइन स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में बीते 26 मार्च की रात टीबी का स्पीकर न मिलने से नाराज कक्षा 11 के छात्रों ने कक्षा आठ के छात्रों को पीट दिया। घटना की जानकारी होते ही मौके पर पहुंचे कॉलेज प्रशासन ने मामला शांत कराने के साथ जांच शुरू कर दी। देर रात प्रधानाचार्य ने कक्षा 11 के 12 छात्रों को निलंबित कर दिया। दूसरे दिन 27 मार्च की सुबह उनके अभिभावकों को बुलाकर उन्हें घर भेज दिया गया और निलंबित किए गए छात्रों की सूची भी पुलिस को दे दी गई है।
जवाहर नवोदय विद्यालय में स्थित छात्रावास में कक्षा छह से कक्षा 12 के छात्र रहते हैं। वर्तमान समय से कक्षा आठ में 45 और कक्षा 11 में 45 छात्र छात्रावास में हैं। रविवार की देर शाम कक्षा 11 के छात्र खाना खाने के बाद हाॅस्टल की टीवी चलाई। इस दौरान आवाज साफ नहीं सुनाई दे रहा था। उन्होंने कक्षा आठ के छात्रों से स्पीकर मांगा। इसपर कक्षा आठ के छात्रों ने कुछ कहा दिया, जिससे कहासुनी हो गई।
इससे गुस्साए सीनियर छात्रों ने कक्षा आठ के करीब 15 से 20 छात्राें को थप्पड़ मार दिया। घटना की जानकारी काॅलेज प्रशासन तक पहुंची और मामला शांत कराने में जुट गई। छानबीन करने के बाद रिपोर्ट प्रधानाचार्य को सौंप दी। प्रधानाचार्य ने तत्काल प्रभाव से कक्षा 11 के 12 छात्रों को निलंबित कर दिया। साथ ही दूसरे दिन उनके अभिभावकों को बुलाकर उन्हें घर भेज दिया। साथ ही पुलिस को अवगत कराते हुए निलंबित छात्रों की सूची सौंप दी गई।
इस संबंध में जवाहर नवोदय विद्यालय के प्रधानाचार्य इकरामुद्दीन सिद्दिकी ने बताया कि कक्षा 11वीं के छात्र और कक्षा आठ के छात्रों में झगड़ा हुआ था। कक्षा 11 के छात्रों ने आठवीं के छात्रों की पिटाई कर दी थी। विद्यालय के शिक्षक छात्रावास पहुंचे और मामले को शांत कराया। तत्काल प्रभाव से कक्षा 11 के 12 छात्रों को निलंबित कर दिया गया है। उनके अभिभावकों को बुलाकर घर भेज दिया गया है। साथ ही उच्चधिकारियों को भी जानकारी दे दी गई है। इस मामले में उच्च जांच भी होगी, जिससे ऐसा काम करने वाले छात्रों के खिलाफ कार्रवाई तय है।