सेवराई। गहमर थाना क्षेत्र के बसुका गांव में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। दोनों तरफ से चले ईंट-पत्थर और लाठी-डंडे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बसुका गांव निवासी प्रशांत कुमार राय भदौरा से अपने गांव लौट रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान अजीम मोहम्मद के साथ किसी बात को लेकर उनकी कहासुनी हो गई और दोनों पक्षों में देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह मामला शांत कराया और घटना की सूचना पुलिस को दी। घटना में अजीम मोहम्मद प्रशांत राय और अमन सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया। सेवराई चौकी इंचार्ज प्रदीप कुमार सिंह ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर किसी तरह मामला शांत कराया। कोतवाल विमल कुमार मिश्रा ने बताया कि मारपीट की घटना में दोनों पक्षों द्वारा तहरीर मिली है। मुकदमा दर्जकर कार्रवाई की जा रही है।