बलुआ थाना क्षेत्र के चहनिया सब्जी मंडी में दुकान के सामने टेंपो खड़ा करने के विवाद में रविवार को दबंगों ने पिता-पुत्र पर लाठी-डंडों और घूंसों से हमला कर दिया। मारपीट में दोनों घायल हो गए। पुलिस ने एक नामजद समेत तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। सुरतापुर निवासी संग्राम प्रसाद मौर्य (70) और उनके पुत्र सुभाष मौर्य (45) चहनिया सब्जी मंडी में आढ़त का कारोबार करते हैं। आरोप है कि शनिवार को गुरेरा निवासी अजय सोनकर ने अपना टेंपो उनकी दुकान के सामने खड़ा कर दिया था। वाहन हटाने को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जिसके दौरान अजय सोनकर ने देख लेने की धमकी दी थी। पीड़ित पक्ष के अनुसार, रविवार को अजय सोनकर चार-पांच साथियों के साथ मंडी पहुंचा और पिता-पुत्र पर लाठी-डंडों व घूंसों से हमला कर दिया। मारपीट में दोनों घायल हो गए। घटना से मंडी में अफरा-तफरी मच गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर बलुआ थाने में अजय सोनकर समेत एक नामजद और तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। बलुआ थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम दबिश दे रही है।
घायल सुभाष मौर्या, संवाद