दुबिहा। करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के पातेपुर गांव में तीन माह पूर्व गोली से घायल किसान की वाराणसी के निजी अस्पताल में बुधवार की देर शाम इलाज के दौरान मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचता तो परिजन बिलख पड़े। उधर, घटना के बाद से ही चार आरोपी सलाखों के पीछे हैं। बीते 27 मई की शाम चार बजे पातेपुर गांव निवासी बंशनारायनण यादव (45) घर के बाहर बैठे थे। इसी दौरान पहुंचे चार बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी थी। गोली किसान के पेट में लगी थी। परिजन उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल ले गए थे। जहां से डॉक्टरों ने हालत गंभीर होने पर वाराणसी रेफर कर दिया था। उनका उपचार निजी अस्पताल में चल रहा था। जहां ठीक होने के बाद वह घर वापस आ गए थे। कुछ दिन बाद तबीयत खराब होने पर परिजन पुन: उपचार के लिए वारणसी ले गए। जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। परिजनों ने शव का बीएचयू में पोस्टमार्टम कराया। थानाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि गोली मारने के मामले में चार नामजद आरोपी अजीत यादव, अनीष यादव, मनीष यादव और शशि को सलाखों के पीछे भेज दिया गया है। ऐसे में अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई होगी।