गाजीपुर। किसानों को एक छत के नीचे कृषि सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए रेवतीपुर ब्लॉक में किसान कल्याण केंद्र स्थापित किया जाएगा। करीब 80 लाख रुपये से बनने वाले इस भवन का निर्माण कार्य जल्द शुरु होगा। राशि अवमुक्त की जा चुकी है। भवन में सभा कक्ष, किसानों के ठहरने के लिए कक्ष, गोदाम सहित अन्य सुविधाएं मौजूद होंगी। कासिमाबाद एवं मुहम्मदाबाद विकासखंड में भूमि चिह्नित करने के लिए कृषि विभाग जुटा है। शासन की ओर से किसानों को अत्याधुनिक खेती के साथ उनकी आय को दोगुना करने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्हें योजनाओं की जानकारी के अलावा एक ही छत के नीचे गुणवत्तापूर्ण खाद एवं बीज उपलब्ध कराने को लेकर जिले के विभिन्न विकासखंडों में किसान कल्याण केंद्र स्थापित कराया जा रहा है। सदर ब्लाक में जहां भवन स्थापित किया जा चुका है। वहीं सादात ब्लाक के कटया में भवन निर्माण शुरु हो चुका है। जबकि कासिमाबाद एवं मुहम्मदाबाद ब्लाक में किसान कल्याण केंद्र स्थापित करने के लिए भूमि चिह्नित की जा रही है। रेवतीपुर के ब्लाक परिसर में भवन निर्माण के लिए 80 लाख रुपये की धनराशि अवमुक्त कर दी गई है। यहां जल्द निर्माण शुरू होगा। रेवतीपुर स्थित ब्लाक परिसर में छह हजार 455 वर्ग फीट में किसान कल्याण केंद्र का भवन बनाया जाएगा। 80 लाख रुपये से बनने वाले इसके भवन में एक सभा कक्ष, तीन से चार ठहरने के लिए कक्ष, शौचालय, स्नान गृह, गोदाम सहित अन्य सुविधाओं से यह युक्त होगा। इसमें बाहर से आने वाले किसान जहां ठहर सकेंगे। वहीं कृषि संबंधित समस्याओं की चर्चा-परिचर्चा भी कर सकेंगे। जिला कृषि अधिकारी मृत्युंजय सिंह ने बताया किरेवतीपुर ब्लाक परिसर में भूमि चिह्नित कर ली गई है। इसको लेकर कार्रवाई तेज कर दी गई है। 80 लाख रुपये से बनने वाले भवन निर्माण कार्य जल्द ही शुरु होगा।