मनिहारी/बिरनो। बिरनो थाना क्षेत्र के सलेमपुर कियरिया गांव में बृहस्पतिवार की शाम धान की रोपाई करने के लिए जा रहे किसान की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को मॉच्यूरी में सुरक्षित रखवा दिया गया।
सलेमपुर कियरिया गांव निवासी शैलेश यादव (30) खेत में धान की रोपाई के लिए जा रहा था। इधर खेत में पहले से शॉर्ट सर्किट से तार टूटकर गिरा था। किसान ने तार पर ध्यान नहीं दिया और पैर स्पर्श होते ही करंट की चपेट में आ गया। आसपास खेतों में काम कर रहे किसान दौड़कर घटना स्थल पर पहुंचे और लाठी-डंडे से प्रयास से किसान को तार से छुड़ाकर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले गए। जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। बिरनो थानाध्यक्ष संजय मिश्रा ने बताया कि परिजनों द्वारा घटना की मौखिक सूचना दी गई है। लिखित तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।