-चार बकरियों और चार भैंस की मौत, कई घरों के इलेक्ट्रानिक उपकरण जलकर नष्ट
बिजली गिरने से कई लोग झुलसे
संवाद न्यूज एजेंसी
गाजीपुर। शुक्रवार को कई इलाकों में तेज गरज के साथ बारिश हुई। इससे सैदपुर कोतवाली क्षेत्र के सियावां गांव में दीवार गिरने से एक वृद्ध की मौत हो गई। वहीं, कई स्थानों पर बिजली भी गिरी, जिससे गहमर थाना क्षेत्र के सेवराई में एक किसान की झुलसकर मौत हो गई। जबकि आठ पशुओं की भी जान चली गई। कई घरों के इलेक्ट्राॅनिक उपकरण जलकर नष्ट हो गए।
सेवराई संवाददाता के अनुसार गहमर थाना क्षेत्र के सेवराई गांव निवासी नरसिंह राम उर्फ मुन्ना (50) खेत में मेड़बंदी करके घर लौट रहे थे। तभी, तेज गरज के साथ गिरी बिजली की चपेट में आकर वे झुलस गए। परिजन उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भदौरा ले गए। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इसी गांव में पूरब तरफ बगीचे में बिजली गिरने से चार बकरियां झुलसकर मर गई।
देवकली: सैदपुर कोतवाली क्षेत्र के सियावां गांव स्थित श्रीराम जानकी मंदिर पर होने वाली श्रीमद्भागवत कथा बारिश के कारण स्थगित कर दी गई थी। ऐसे में कथा सुनने गई गांव निवासी शांति देवी (80) वापस घर लौट रही थी। रास्ते में ओमप्रकाश सिंह की कच्ची दीवार उसके ऊपर गिर जाने से वह मलबे में दब गई। आस- पास के लोगों के शोर मचाने पर मिट्टी हटाई, लेकिन तब तक शांति की मौत हो चुकी थी। सैदपुर कोतवाल वंदना सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
भांवरकोल: शेरपुर खुर्द गांव के दक्षिण तरफ अन्य मवेशियों के साथ दीनानाथ की भैंस भी हरा चारा खा रही थी। इसी दौरान बिजली की चपेट में भैंस की मौत हो गई। मुहम्मदाबाद: करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के मुबारकपुर गांव निवासी राकेश राजभर परिजनों के साथ सुल्तानपुर गंगा तट पर किसी धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। जहां बिजली की चपेट में आ जाने से झुलस गए, जिसे इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया।
बहरियाबाद: संवाददाता के अनुसार स्थानीय बाजार में बिजली गिरने से डाक्टर शोभनाथ मौर्या, हीरालाल मौर्या, मसीउद्दीन के घरों का इंवर्टर, पंखा, कूलर, बल्ब, वायरिंग सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जलकर नष्ट हो गए। बारा संवाददाता के अनुसार गहमर कोतवाली क्षेत्र के गांव बारा में बिजली गिरने से एक युवक झुलस गया। जबकि अलग - अलग गांवों में तीन भैंसों की मौत हो गई।
एक अन्य घटना में खेत में काम कर रहा विनोद सिंह यादव (35) बिजली गिरने से गंभीर रूप से झुलस गया। उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं कारोबारी निवासी अरविंद प्रजापति की एक भैंस, सायर गांव में चंद्रवती की भी एक भैंस और लहना गांव निवासी संतोष चौधरी की एक भैंस की आकाशीय बिजली से मौत हो गई।
बिजली गिरने से बारा गांव निवासी हलीम राइनी की छत क्षतिग्रस्त हो गई। इमरान भारतीय बारा गांव में नेशनल हाइवे 124 सी के पास ग्राहक सेवा केंद्र चलाते हैं। उन्होंने बताया कि बिजली गिरने से ग्राहक सेवा केंद्र में लगा सीसीटीवी कैमरा जल गया।
दिनभर में 63 एमएम बरसा पानी
पीजी कॉलेज के कृषि एवं मौसम वैज्ञानिक कपिल देव शर्मा ने बताया कि दो दिनों में करीब 51 एमएम बारिश हुई है। वही शुक्रवार को सुबह 8.30 से अपराह्न तीन बजे तक 63 एमएम बारिश हुई। इस तरह जिले में जून माह में करीब 139.5 एमएम बारिश हुई है। उन्होंने बताया कि आगामी पांच दिनों के मौसम पूर्वानुमान के अनुसार गहरे बादल छाए रहेंगे साथ हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेंटीग्रेड एवं न्यूनतम तापमान 21 से 26 डिग्री सेंटीग्रेड के बीच रहने की संभावना है। दक्षिणी-पश्चमी हवा औसत 10 से 12 किलोमीटर प्रति घंटा से चलने की उम्मीद है।