गाजीपुर। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के पात्रों को लाभान्वित करने के लिए कृषि विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है। लाभार्थी अन्नदाताओं का आधार नंबर एवं नाम दुरुस्त करने के लिए गठित टीम गांव-गांव जाकर सत्यापन करेगी। आधार नंबर और नाम संशोधन कर उसे योजना के पोर्टल पर डाटा अपलोड करेगी। जिला प्रशासन ने इसके लिए कृषि विभाग को सप्ताहभर का समय दिया है। जिले के चार लाख 62 हजार किसानों के खाते में योजना के तहत तीन किस्त में छह हजार रुपये भेजे जा रहे हैं। 12 हजार पात्र किसान आधार नंबर एवं नाम गलत होने से योजना से वंचित थे। ऐसे में इन पात्र अन्नदाताओं को लाभान्वित करने के लिए कृषि विभाग एक फिर आधार नंबर एवं नाम संशोधन को लेकर अभियान शुरु करने जा रहा है, जिससे समय रहते एक सप्ताह के अंदर शत-प्रतिशत पात्रों के कागजात दुरुस्त कर डाटा पोर्टल पर अपलोड किए जा सकें। इसके लिए विभाग ने 107 कर्मचारियों की टीम गठित की है। सभी को ब्लाकवार सूची उपलब्ध करा दी गई है। जिला प्रशासन की ओर से निर्धारित समय के अंदर संशोधन का कार्य पूरा करने के लिए टीम के सदस्यों को न्याय पंचायत स्तर की जिम्मेदारी दी गई है, जिससे वह लाभार्थी किसानों की सूची लेकर उनके घर पहुंच सकें। इसके लिए कृषि विभाग ने टीम में शामिल कर्मचारियों को निर्देश भी जारी कर दिया है।