मुहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के बच्छलकापुरा गंगा तट पर बुधवार की सुबह एक प्रेमी युगल ने गंगा में छलांग लगा दी। मल्लाहों ने प्रेमिका को बचा लिया, लेकिन प्रेमी का पता नहीं चला। इधर घटना के बाद आस-पास के लोगों की भीड़ लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश में जुट गई। वहीं किशोरी को हिरासत में लेकर पूछताछ करने के साथ घटना की जानकारी परिजनों को दी। इधर रोते- बिलखते युवक के परिवार के लोग गंगा घाट पर पहुंचे। देर शाम तक कोई सफलता नहीं मिली।
रसूलपुर हकीम गांव निवासी 17 वर्षीय किशोरी प्रतिदिन भांवरकोल क्षेत्र में कृषि मजदूर के रूप में काम करने जाती थी। वहीं भांवरकोल थाना क्षेत्र के पखनपुरा गांव निवासी नितेश कनौजिया (20) भी उसके साथ कृषि संबंधित काम करता था। दोनों एक दूसरे से प्रेम करते थे और विवाह करना चाहते थे। जब की दोनों की अलग- अलग जाति के होने के कारण उनके परिजन विवाह के पक्ष में नहीं थे।
मंगलवार की रात दोनों अपने घरों से गायब हो गए और बुधवार की सुबह करीब छह बजे बच्छलकापुरा गंगा तट पर पहुंचे। आत्महत्या करने की नियत से दोनों ने एक दूसरे का हाथ थाम कर गंगा में छलांग लगा दी। उस समय गंगा घाट पर मौजूद मल्लाहों ने प्रेमी युगल को गंगा में कूदते देख लिया और तत्काल गंगा में छलांग लगाकर दोनों को बचाने की कोशिश में लग गए।
काफी मशक्कत के बाद मल्लाहों ने किशोरी को बचा लिया, लेकिन युवक का कोई पता नहीं चला पाया। वहां उपस्थित लोगों ने घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार मिश्रा पुलिस टीम के साथ बच्छलकापुरा गंगा तट पर पहुंचे और प्रेमी को तलाश के लिए रेस्क्यू टीम लगाई। प्रेमिका को कब्जे में लेकर छानबीन की जा रही है। कोतवाल अशोक कुमार मिश्रा ने बताया कि अभी तक युवक का कोई पता नहीं चल पाया है। बरामद किशोरी के परिजनों को सूचित कर दिया गया है और विधिक कार्रवाई की जा रही है।