दुबिहां। करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के लठ्ठूडीह गांव में घर के बाहर गाली-गलौज का विरोध करने पर हमलावरों ने एक परिवार पर हमला कर तीन लोगों को घायल कर दिया। पीड़ित की तहरीर चार के खिलाफ प्राथमिकी दर्जकर पुलिस छानबीन में जुटी हुई है। थानाध्यक्ष राजनरायन ने बताया की लठ्ठूडीह निवासी जय हिंद ने तहरीर देकर बताया कि 25 अगस्त की रात करीब 10.30 बजे गांव के तेजबहादुर शराब के नशे में उसके घर के सामने खड़े होकर उसे और उसके परिवार को गाली दे रहे थे। विरोध करने पर तेजबहादुर अपने तीन बेटों रोहित कुमार, मोहित कुमार और गोलू के साथ लाठी-डंडों से लैस होकर पहुंच गया और परिवार पर हमला कर दिया। मारपीट में जय हिंद, उनकी पत्नी सीमा और भाई टेनी गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों के सिर में गंभीर चोट आईं, जिनमें जय हिंद को सबसे अधिक चोट आई है। थानाध्यक्ष राजनारायण ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर तेजबहादुर, रोहित कुमार, मोहित कुमार और गोलू के खिलाफ प्राथमिकी दर्जकर विधिक कार्रवाई की जा रही है।