मरदह। ब्लॉक के रायपुर बाघपुर गांव के वार्ड नंबर 6 व 7 में जलनिकासी व्यवस्था न होने के कारण महीनों से सड़क पर बह रहे नाली के पानी में ग्रामीणों ने धान की रोपाई कर विरोध जताया। ब्लॉक मुख्यालय से पांच किलोमीटर की दूरी पर बसे चार हजार आबादी वाले गांव में 15 वार्ड हैं लेकिन अधिकतर जगहों पर नाली, चकरोड, खड़ंजा की समस्या है। ग्रामीणों ने सड़क पर धान की रोपाई करते हुए जमकर नारेबाजी की। गांव समाजसेवी विवेक यादव ने बताया कि गांव निवासी कालदेव के घर से काली माता मंदिर होते हुए रामकेवल के घर तक दो मीटर दूरी तक नाली का निर्माण न होने के कारण घर का गंदा पानी व बरसात का पानी सड़क पर जगह-जगह एकत्र हो गया है। इससे आवागमन में काफी दिक्कतें हो रही हैं। बस्ती के लोगों ने विरोध जताते हुए बीच मार्ग पर भरे पानी में धान की रोपाई करते हुए जमकर नारेबाजी करते प्रर्दशन कर समस्या के समाधान की क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों सहित अधिकारियों से मांग किया। उपेंद्र पाल ने कहा कि गांव के काली मंदिर होते हुए आगे तक नाली निर्माण व रास्ते की मांग जनप्रतिनिधियों से किया गया परंतु किसी ने ध्यान नहीं दिया। मनोज यादव ने बताया कि लोग करीब एक दशक से इस दुर्दशा से परेशान हैं। हजारों लोगों को प्रतिदिन इसी रास्ते से आना-जाना है। सुमेर पाल ने कहा कि प्रतिदिन दर्जनों लोग गिर चोटिल हो रहे हैं। इस मौके पर महेंद्र यादव, देवनाथ यादव, रमाशंकर पाल, दिनेश पाल, सुदर्शन यादव, इंद्रदेव यादव, रामप्रवेश पाल आदि मौजूद रहे। प्रभारी एडीओ पंचायत प्रभाकर पाण्डेय ने बताया कि मामले का स्थलीय निरीक्षण कर समस्या का निदान करने का प्रयास किया जाएगा।