दुल्लहपुर। जखनिया क्षेत्र के सिखड़ी स्थित कंपोजिट विद्यालय में बृहस्पतिवार को मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी आर्यका अखौरी ने कहा कि वोट देना हर किसी का अधिकार है। इससे हम अपने पसंदीदा प्रत्याशी को चुन सकते हैं। यदि इस अधिकार से हम वंचित हो जाएंगे तो हमें पांच वर्षों तक पछताना पड़ता है। उन्होंने कहा कि मतदान करने के लिए कोई आपराधिक किस्म का व्यक्ति आपको डराता है, धमकता है या पैसों की लालच देता है तो तत्काल अवगत कराएं। ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने मतदाताओं को जागरूक करते हुए कहा कि आपराधिक किस्म के व्यक्तियों पर प्रशासन की पैनी नजर बनी हुई है। इस मौके पर उपजिलाधिकारी कमलेश सिंह, तहसीलदार ध्रुवेश सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेंद्र, भुड़कुड़ा क्षेत्राधिकारी बलराम आदि मौजूद रहे। संवाद