गाजीपुर। जिले में धीरे-धीरे अब कोरोना संक्रमण से लोगों को मुक्ति मिलती नजर आ रही है। जिला प्रशासन ने हाट स्पाट वाले इलाके में एक-एक घर को सैनिटाइज करने का निर्णय लिया है। इसके तहत जनपद के हाट स्पाट और रेड जोन में लोगों को किसी प्रकार की छूट नहीं दे रहे हैं। कहीं भी किसी प्रकार की कोई कोताही नहीं बरती जा रही है और न ही कवायदों में कमी की जा रही है। जिले भर में नगरपालिका, नगर पंचायत तथा गांव स्तर पर अभियान चला कर संवेदनशील एरिया को सैनिटाइज किया जा रहा है। इधर लोगों के सर्वेक्षण और स्क्रीनिंग का काम भी पूरा हो गया है। ग्रामीण इलाकों में भी सख्ती शुरु हो गई है। किसी प्रकार की ढील नहीं दी जा रही है। शहर में पहले कोरोना की मरीज मिलने के बाद से पूरे इलाके को अब तक चार बार सैनिटाइज किया जा चुका है। महुआबाग स्थित मस्जिद, मिश्रबाजार, विशेश्वरगंज, पुलिस चौकी, जलकल विभाग मार्ग, सिटी रेलवे स्टेशन, जीआरपी बैरेक, आरपीएफ बैरेक के साथ बस स्टैंड आदि मार्गों को अग्निशमन विभाग के तो कभी नगरपालिका के कर्मचारियों ने सैनिटाइज किया है। अन्य क्षेत्रों में भी यह क्रम लगातार बना हुआ है। जिले भर में दवा के छिड़काव का काम किया जा रहा है। सभी छह हाट स्पाट इलाकों में सख्ती की जा रही है। हाट स्पाट एरिया में तो लोगों के आवागमन पर रोक लगा दी गई है। लोगों को जरूरी सामान घरों में ही पहुंचाया जा रहा है। दिलदारनगर: मरकजी मस्जिद, चिउटहां आदि इलाकों में अभी कोई ढील नहीं दी गई है। यहां सेक्टर मजिस्ट्रेट लगाए गए है जो लगातार नगर रखे हुए है। मरकजी मस्जिद, जामा मस्जिद तथा मदीना मस्जिद, अरंगी गांव के मरकज मस्जिद के एरिया को पांच- छह बार सैनिटाइज कर दिया गया है। इसी प्रकार जिले भर की नगरपालिकाओं और नगर पंचायतों की ओर से जह जगह सैनिटाइजेशन का काम किया जा रहा है। बीडीओ, एडीओ तथा गांव स्तर पर सचिवों को भी इस प्रकार की जिम्मेदारी दी गई है। मुख्य विकास अधिकारी श्रीप्रकाश गुप्ता ने बताया कि जिले भर में सैनिटाइजेशन का अभियान चलाया जा रहा है। अभी कहीं कोई छूट नहीं दी गई है।