80 लाख की लागत से है बनना, छह महीने बाद भी नहीं चयनित हुई भूमि
संवाद न्यूज एजेंसी
सुहवल। रेवतीपुर ब्लाक मुख्यालय पर करीब अस्सी लाख की लागत से बनने वाले किसान कल्याण केंद्र का निर्माण अभी शुरू नहीं हो सका है। हैरानी की बात है कि छह महीने बाद भी अभी तक भूमि का चयन तक नहीं किया जा सका है। इसके चलते किसानों को खेती संबंधित सुविधा एवं जानकारी मुहैया कराने की सरकार की मंशा अधिकारियों की लापरवाही से पूरी होती नहीं दिख रही है।
मालूम हो कि किसान कल्याण केंद्र स्थापित हो जाने से यहां के किसानों को बीज, खाद, आधुनिक यंत्र आदि आसानी से उपलब्ध हो सकेगा। छह माह पूर्व शासन ने रेवतीपुर ब्लाक मुख्यालय पर किसान कल्याण केंद्र स्थापित करने का निर्णय लिया था। इसके लिए प्रशासनिक अधिकारियों को जमीन तलाशने का निर्देश दिया था, लेकिन आज तक जमीन का चयन नहीं हो सका।
कल्याण केंद्र में एक मीटिंग हाॅल, तीन से चार कमरे, बाथरूम और शौचालय बनेंगे। इसके साथ ही गोदाम भी बनाया जाना है, जहां खाद-बीज एवं कृषि रक्षा रसायन का बेहतर भंडारण हो सके। किसानों ने मांग किया कि जल्द भूमि का चयन कर इसका निर्माण शुरू कराया जाए ताकि इसका लाभ किसानों को मिले। इस संबंध में एडीओ एजी सोनेलाल पटेल ने बताया कि इसके लिए अभी जमीन का चयन नहीं हो सका है। इस प्रक्रिया के पूरा होते ही किसान कल्याण केंद्र का निर्माण शुरू हो जाएगा।