सैदपुर कोतवाली के जौहरगंज और औड़िहार तिराहे के पास सोमवार की शाम तेज रफ्तार अनियंत्रित तेल टैंकर के धक्के से मां को स्कूटी से घर लेकर जा रहे इकलौते पुत्र की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक टैंकर छोड़कर फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इधर परिजनों के रोने- बिलखने से गांव में चीख- पुकार मची रही।
खानपुर थाना क्षेत्र के सरैया गांव निवासी संतबख्श यादव (28) दिल्ली में किसी प्राईवेट कंपनी में साफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर तैनात था। छुट्टी लेकर एक सप्ताह पूर्व घर आया था। वह स्कूटी पर मां सुदामी देवी को बैठाकर दवा दिलाने के लिए सैदपुर गया था। वहां से दवा लेकर वह मां को स्कूटी पर बैठाकर घर आ रहा था।
जाैहरगंज और औड़िहार तिराहे के पास गाजीपुर की ओर से तेज रफ्तार अनियंत्रित तेल टैंकर ने स्कूटी से पीछे से धक्का मार दिया। हादसे में महिला कुछ दूरी पर जा गिरी। जबकि पुत्र के सिर में गंभीर चोटें आई और वाहन का पहिया शरीर पर चढ़कर निकल गया। दुर्घटना के बाद आस-पास के लोग घटना के तरफ दौड़ पड़े। चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस घायल मां - बेटे को उपचार के लिए सीएचसी सैदपुर लेकर आई। जहां डॉक्टरों ने संतबख्श को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक के बड़े भाई अवध नारायण ने अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस मुकदमा दर्जकर आरोपी की तलाश शुरू कर दी। इस संबंध में सैदपुर कोतवाल वंदना सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जल्द ही चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
000000
इनसेट
अक्टूबर में होने वाली थी मृतक की शादी
औड़िहार। सैरया गांव संतबख्श यादव माता- पिता का इकलौता पुत्र था। उसकी अक्टूबर माह में शादी तय थी। घर में विवाह की तैयारियां भी धीरे-धीरे चल रही थी, लेकिन किसी को क्या पता था कि वह सड़क हादसे में सबको छोड़कर चला जाएगा। मृतक ने हेलमेट नहीं लगाया था। परिजनों के रोने- बिलखने से गांव में चीख-पुकार मची हुई थी।
-
दो बाइकों की भिड़ंत में दो युवक घायल
सेवराई। गहमर कोतवाली क्षेत्र के भदौरा कोल्ड स्टोर के पास सोमवार को दो बाइकों की आमने-सामने हुई भिड़त में दो युवक घायल हो गए। आसपास लोगों ने दोनों घायलों को उपचार के लिए निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
बाइक सवार शाहिद और तालीब सुबह नवली से बाइक लेकर भदौरा आ रहे थे। कोल्ड स्टोर के पास पहुंचे ही थे कि सामने से आ रहे तेज रफ्तार दूसरे बाइक चालक ने इन्हें टक्कर मार दिया। घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। रास्ते से गुजर रहे लोगों ने दोनों घायलों को आनन फानन में भदौरा बस स्टैंड स्थित एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति नाजुक होने पर दोनों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। दोनों बाइक सवार भदौरा बस स्टैंड पर फल का ठेला लगाते हैं। संवाद