संवाद न्यूज एजेंसी
मरदह। दो महीने से बिजली गुल होने से मंगलवार को ग्रामीणों को गुस्सा फूट पड़ा। रायपुर बाघपुर ग्राम पंचायत के वार्ड नंबर 15 पंडितपुरा के लोगों ने प्रदर्शन कर ऊर्जा मंत्री एके शर्मा और बिजली निगम के एक्सईएन, एसडीओ और जेई की प्रतीकात्मक शव यात्रा निकाली। ग्रामीण शिवधार यादव के खेत से करीब एक किलो मीटर दूर जले पड़े विद्युत ट्रांसफार्मर तक गए। वहां गड्ढा खोदकर प्रतीकात्मक शव के दफना दिया।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो तेरहवीं भोज का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें लोगों को भोजन कराया जाएगा। उसके बाद भी समस्या समाधान न होने पर सामूहिक रूप से आमरण अनशन करेंगे। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि दो माह से अधिक समय से 150 घरों की विद्युत आपूर्ति बाधित है।
ग्रामीणों ने बताया कि 1500 मीटर जर्जर तार न बदलने और तीन बार 100 केवीए का ट्रांसफ़ार्मर जलने से दो माह से आपूर्ति ठप है। गांव के लोगों ने प्रदेश के ऊर्जा मंत्री एके शर्मा से मऊ जाकर मुलाकात किया। इसके बाद विद्युत निगम के जिलेस्तर के अधिकारियों के यहां बार-बार गुहार लगाया।
लेकिन, समस्या का समाधान नहीं हुआ। ग्रामीणों ने बताया कि दो माह से बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप होने से नलकूप न चलने से धान की नर्सरी सूख गई है। पंखा, कूलर, फ्रिज, टीवी, मोबाइल बंद है। पेयजल के संकट से ग्रामीण जूझ रहे हैं।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से समाजसेवी अजय श्रीवास्तव, पवन पांडेय, मनीष, आशीष, अश्विनी,चंद्रमणी, संगम, राधेश्याम, घनश्याम, सीताराम पांडेय, प्रदीप, उमाशंकर, आरिफ अंसारी, मदन पांडेय, सोनू पांडेय, विपुल पांडेय, आशुतोष, अशरफ अंसारी आदि मौजूद रहे। वहीं, इस संबंध में बिजली निगम के एक्सईन मनीष कुमार निषाद ने कहा कि समस्या संज्ञान में है। जल्द से जल्द ही समाधान किया जाएगा।