गाजीपुर। आंधी-पानी के कारण जनपद में बिजली व्यवस्था ध्वस्त हो गई। शनिवार की देर रात गुल हुई बिजली रविवार को दोपहर बाद आई। इससे सुबह पेयजल के संकट से भी जूझना पड़ा। जिले भर में बिजली-पानी की समस्या गंभीर रही। वहीं, शहर के आमघाट समेत कई ऐसे इलाकों में लोगों के उपकरण जल गए। जिले में शनिवार को देर रात आंधी और बारिश के कारण नगर में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। रविवार को सुबह कुछ मुहल्लों में आपूर्ति बहाल हुई तो कुछ मुहल्लों में नहीं। जिन मुहल्लों में बिजली आपूर्ति की गई, वहां लो-वोल्टेज था। ऐसे में शहर के ज्यादातर इलाकों में पेयजल आपूर्ति भी ठप रही। पानी के लिए लोगों को हैंडपंपों का सहारा लेना पड़ा। वहीं, प्रकाश नगर उपकेंद्र से जुड़े मुहल्लों में मरम्मत के नाम पर सुबह दस से पांच बजे तक कटौती की गई। ग्रामीण क्षेत्रों का भी यही हाल रहा। आंधी-बारिश के साथ ही कई इलाकों की बिजली गुल हो गई थी। नगर एसडीओ सुधीर कुमार ने बताया कि रात में आई आंधी के कारण बिजली कटौती की गई थी। रविवार को सुबह दस से पांच बजे तक प्रकाश नगर उपकेंद्र में मरम्मत का काम चला, जिसके कारण कटौती की गई थी।