गाजीपुर। लोटन इमली बिजली उपकेंद्र से जुड़े शहर के कई इलाकों में बुधवार की पूरी रात बत्ती गुल रही। इससे लगभग 15 हजार आबादी को अंधेरे में रात गुजारनी पड़ी। उमस से लोग परेशान रहे। लोटन इमली बिजली उपकेंद्र से संबद्ध मोहल्लों में रात करीब साढ़े आठ बजे बिजली कटौती कर दी गई। एक-दो घंटे बाद भी आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो लोगों ने पावर हाउस व बिजली निगम के अभियंताओं के मोबाइल पर संपर्क करना शुरू किया। लेकिन, कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। उमस भरी गर्मी में लोगों की आंखों से नींद गायब था। लोग बार-बार करवट बदलकर बिजली का इंतजार कर रहे थे। लेकिन, पूरी रात बिजली आपूर्ति निर्बाध रूप से बहाल नहीं हुई। इतना जरूर रहा कि रात में चार से पांच बार एक-एक मिनट के लिए बिजली जरूर आई। इसके बाद फिर से कटौती कर दी गई। अगले दिन बृहस्पतिवार हुबह 11.50 बजे बिजली आपूर्ति सुचारू रूप से बहाल हुई। नगर के नवाबगंज, टेढ़ीबाजार, सब्जी मंडी, गोलाघाट, रजागंज, शाहीपुरा आदि इलाके विशेष रूप से प्रभावित रही। संबंधित मुहल्लों में एक-एक फेज में बिजली कटौती की गई थी। गौसाबाद, रौजा, प्रीतम नगर कॉलोनी आदि जगहों पर भी रात में बिजली कटौती की गई थी।
नवरात्र शुरू, लेकिन बिजली कटौती जारी
गाजीपुर। नवरात्र शुरू हो गया है। लेकिन, बिजली कटौती जारी है। अभी रौजा पावर हाउस के 10 एमबीए के ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी आने से वहां के लोग परेशान हैं। लोगों का कहना है कि कुछ ही दिन में दुर्गापूजा का मेला शुरू होने वाला है। ऐसे में बिजली कटौती इसी तरह से जारी रही, तो लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।
लोटन इमली बिजली उपकेंद्र में ट्रिपिंग की समस्या थी। लोड अधिक होने से दिक्कत हुई। इसके बावजूद रोस्टर के तहत मोहल्लों में बिजली आपूर्ति की जा रही थी। -आशीष कुमार, अधिशासी अभियंता, विद्युत वितरण खंड द्वितीय