आज सुबह से करेंगे कार्य बहिष्कार, 16 मार्च की रात से 72 घंटे की हड़ताल
ऊर्जामंत्री के साथ हुए समझौते को लागू करने की मांग
बिजलीकर्मियों का ध्यानाकर्षण आंदोलन के प्रथम चरण
संवाद न्यूज एजेंसी
गाजीपुर। ऊर्जा मंत्री के साथ हुए लिखित समझौते के क्रियान्वयन न होने पर आक्रोशित बिजलीकर्मियों का ध्यानाकर्षण आंदोलन के प्रथम चरण में मंगलवार की शाम विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के सदस्यों ने शहर के लाल दरवाजा स्थित बिजली विभाग कार्यालय से मशाल जुलूस प्रदर्शन किया। इस दौरान जुलूस नगर में भ्रमण करते हुए कचहरी स्थित सरजू पांडेय पार्क पर पहुंचकर समाप्त हुआ।
समिति के संयोजक निर्भय नारायण सिंह ने कहा कि प्रदेश के ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा एवं विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के बीच हुई वार्ता बेनतीजा रही। बीते तीन दिसंबर को ऊर्जा मंत्री के साथ हुए लिखित समझौते का क्रियान्वयन ने होने पर कर्मचारियों के बीच व्याप्त निराशा और आक्रोश से ऊर्जा मंत्री को अवगत कराया।
समझौते के क्रियान्वयन के लिए कुछ भी कार्रवाई न होने से संघर्ष समिति ने आंदोलन के ध्यानाकर्षण कार्यक्रम जारी रखेगा। मशाल जुलूस निकालने के पूर्व बिजलीकर्मियों ने सभा कर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अपील की है कि वे हस्तक्षेप करें, जिससे समझौते का क्रियान्वयन हो सके एवं अनावश्यक टकराव टाला जा सके।
संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि आंदोलन के अगले चरण में 15 मार्च सुबह 10 बजे से कार्य बहिष्कार आंदोलन प्रारंभ होगा और 16 मार्च की रात 10 बजे से 72 घण्टे की सांकेतिक हड़ताल होगी। इस मौके पर अधिशासी अभियंता हेमंत सिंह, सुजीत सिंह, आशीष चैहान, मनीष कुमार सहित सहायक अभियंता, अवर अभियंता सहित विद्युत कर्मी मौजूद रहें।