जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के जीवपुर गांव निवासी बुजुर्ग महिला के रास्ते में ही बैठ जाने से नाराज युवक ने चेहरे को सिगरेट से जला दिया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मंगलवार को प्राथमिकी दर्ज कर ली। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राम सजन नागर ने बताया कि जीवपुर गांव निवासी नसपाती देवी ने तहरीर देकर बताया कि, बीते तीन मई को दवा लेकर घर जा रही थी। कमजोरी के चलते रास्ते में बैठ गयी। इसको लेकर गांव के ही विजय कुमार ने पीड़िता के बाल पकड़कर मारपीट कर जलते हुए सिगरेट से चेहरे को जला दिया। आरोपी के पिता से इसकी शिकायत करने पर उन्होंने भी पीड़िता को ही भला-बुरा कहकर भगा दिया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।