मुहम्मदाबाद कृषि मंडी समिति में कृषक उपहार वितरण समारोह में बोलते मुख्य अतिथि भाजपा नेता पीयूष
मुहम्मदाबाद। कृषि उत्पादन मंडी समिति यूसुफपुर के परिसर में बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री कृषक उपहार योजना के तहत पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। इस मौके पर मुख्य अतिथि युवा भाजपा नेता पीयूष राय ने 8 किसानों को सम्मानित कर उन्हें उपहार प्रदान किया। कार्यक्रम में जिन किसानों को पुरस्कार प्रदान किया गया उसमें फिरोजपुर के नन्हे राय एवं नरेंद्रनाथ राय, पाली की सीमा राय, दलसागर के अभय सिंह यादव, इचौली के लालजी यादव, महुई के धर्मेंद्र गुप्ता, यूसुफपुर के बैजनाथ यादव और कुंबरी के हरेराम यादव शामिल हैं। मुख्य अतिथि पीयूष राय ने कहा कि अन्नदाताओं की मेहनत से देश अन्न के मामले में आत्मनिर्भर बना है। केंद्र और प्रदेश की सरकारों ने किसानों के लिए समय-समय पर कई योजनाएं चलाई है। उन्होंने किसानों से अपनी उपज मंडी में बेचकर सही मूल्य प्राप्त करने और उपहार योजना का लाभ उठाने का आह्वान किया। मंडी समिति के प्रभारी सचिव शैलेश कुमार उपाध्याय ने भी शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। इस अवसर पर शिवम राय, शंभूनाथ सिंह यादव, राकेश राय, कृपाशंकर राय, गणेश गुप्ता, अरुण कुमार बिंद, बच्चन राय, मिंटू और साधु राय आदि उपस्थित थे। समारोह की अध्यक्षता पूर्व प्रधान जगदीश यादव एवं संचालन आलोक राय ने किया।