गाजीपुर। माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा के लिए केंद्रों का अंतिम रूप से निर्धारण बोर्ड की ओर से सोमवार तक नहीं किया जा सका था। 253 परीक्षा केंद्रों के संबंध में आनलाइन आपत्तियां 18 फरवरी तक मांगी गई थी। देर शाम तक परीक्षा केंद्रों के निर्धारण के संबंध में कोई भी सूचना डीआईओएस कार्यालय को प्राप्त नहीं हुई थी। जिला जांच समिति की ओर से 30 परीक्षा केंद्र नए बनाए गए थे। समिति ने 253 परीक्षा केंद्रों की सूची अनुमोदन के लिए बोर्ड को भेजी थी। बोर्ड ने परीक्षा केंद्र की सूची को अनुमोदित करते हुए सूची जिलावार जारी कर दी थी। जो 30 परीक्षा केंद्र नए बनाए गए थे उनमें एक राजकीय, पांच वित्तपोषित और 24 वित्तविहीन केंद्र शामिल हैं। जिला जांच समिति ने जिन 27 परीक्षा केंद्रों को मानक के विपरीत पाते हुए उन्हें निरस्त कर दिया था उनमें दस वित्त पोषित और सत्रह वित्त विहीन केंद्र शामिल हैं। गत वर्ष कुल 228 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। उसकी तुलना में इस वर्ष 25 केंद्र ज्यादा बनाए गए हैं। परीक्षा केंद्रों की जारी अंतिम सूची में कोविड-19 के नियमों का पालन करते हुए जिन केंद्रों पर परीक्षार्थियों की संख्या ज्यादा आवंटित थी उसे घटाकर मानक के अनुरूप कर दिया गया है। दूर आवंटित केंद्र को मानक के अनुसार नजदीक किया गया है। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने शुरु में 250 परीक्षा केंद्रों की अनंतिम सूची जारी की थी और तीन दिनों के अंदर उससे संबंधित आपत्तियां भी मांगी थी। विद्यालयों की तरफ से कुल 567 आपत्तियां प्राप्त हुई थी। इनमें 423 आपत्तियां परीक्षा केंद्र दूर होने को लेकर थी जबकि 123 आपत्तियां परीक्षा केंद्र को लेकर और 19 आपत्तियां अन्य समस्याओं को लेकर पड़ी थी। आपत्तियों की जांच जिलाधिकारी द्वारा उपजिलाधिकारियों को भेज कर कराई गई। सभी आपत्तियों का निस्तारण करते हुए केंद्रों की सूची को अनुमोदन के लिए भेजा गया था।