ई- रिक्शा चालकों ने किया प्रदर्शन, चालक का पता लगाने की मांग
तीन दिनों से संदिग्ध हालात में लापता है चालक, परिजन परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
कासिमाबाद। कोतवाली क्षेत्र के दशवंतपुर गांव निवासी एक ई रिक्शा चालक पिछले तीन दिनों से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता है। जबकि ई-रिक्शा सैदपुर कोतवाली क्षेत्र में लावारिस हालत में मिला है। रविवार को सैदपुर पुलिस द्वारा सूचना मिलने के बाद परिजनों के साथ ई रिक्शा चालकों में हड़कंप मच गया। ई रिक्शा चालक की बरामदगी के लिए सोमवार को क्षेत्र के ई-रिक्शा चालकों ने वाहन के साथ कोतवाली के सामने प्रदर्शन करने के साथ प्रभारी निरीक्षक से चालक की बरामदगी की मांग की। आरोप लगाया कि सैदपुर में ई-रिक्शा बरामद होने के बाद भी पुलिस गंभीरता से करवाई नहीं कर रही है।
दशवंतपुर गांव निवासी रामबली राजभर (60) शनिवार को ई- रिक्शा लेकर घर से सुबह निकले थे। देर शाम तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने मोबाइल पर संपर्क करना चाहा तो वह बंद था। मोबाइल स्विच ऑफ होने से परिजन परेशान हो गए। रिश्तेदारी और परिचित स्थानों पर फोन कर खोजने का काफी प्रयास किया।
रविवार को सैदपुर थाने से परिजनों को फोन करके बताया गया कि बौरवां खजुरा रोड पर नहर के पास ई- रिक्शा लावारिस हालत में मिला है, जिसकी बैट्री गायब है। इसके बाद परिजनों ने सैदपुर कोतवाली जाकर अपनी ई रिक्शा की पहचान की। लेकिन ई- रिक्शा चालक राजबली राजभर का तीन दिन बाद भी कहीं अता पता नहीं है। राजबली राजभर के पिछले तीन दिनों से गायब होने के बाद परिजनों में निराशा बढ़ती जा रही है।
ई रिक्शा चालक रामबली राजभर के पुत्र धर्मेंद्र राजभर ने बताया कि सैदपुर कोतवाली में तहरीर दी गई है, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। इस मामले को लेकर ई रिक्शा के साथ चालक संघ के सदस्याें ने चालक रामबली राजभर को ढूंढने की मांग पुलिस से की।
प्रदर्शन करने वालों में ई- रिक्शा चालक का पुत्र धर्मेंद्र राजभर के साथ चालक राहुल पटेल, धर्मेंद्र, हरभजन, मुमताज, श्याम सुंदर, जितेंद्र, रमेश, दिलीप, मूलचंद मौजूद रहे। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक सैदपुर वंदना सिंह ने बताया कि ई रिक्शा हमारे यहां बरामद है । शेष कार्रवाई कासिमाबाद पुलिस कर रही है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक अशेषनाथ सिंह ने बताया कि गुमशुदगी दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी हुई है।