दिलदारनगर-ताड़ीघाट ब्रांच लाइन में ट्रैक में स्लीपर बदलने एवं रेल लाइन में पैकिंग मशीन द्वारा रेल पटरी की ऊंचाई बढ़ाने का कार्य बुधवार को शुरू हो गया। ऐसे में एक सप्ताह तक दोपहर में डीटी पैसेंजर ट्रेन का परिचालन बाधित रहेगा। जबकि सुबह और शाम को दो फेरा ट्रेन का आवागमन होता रहेगा। इधर सुबह के 11 बजे से शाम पांच बजे तक ब्लॉक लेकर स्लीपर बदलने और रेल पटरी ऊंचा करने का कार्य चलता रहा।
पुराने स्लीपर एवं ट्रैक को बदलने का कार्य रेलवे की ओर से लगातार चल रहा है। ऐसे में दिलदारनगर-ताड़ीघाट के बीच दोपहर में चलने वाली 03645/46 डीटी पैसेंजर ट्रेन का परिचालन 16 अगस्त तक सात दिन तक बंद रहेगा, लेकिन सुबह और शाम को दो फेरा का परिचालन अपने नियत समय पर चलती रहेगी। इधर रेल अभियंत्रण विभाग द्वारा सुबह 11 से शाम पांच बजे तक छह घंटे तक ब्लाक लगाकर कार्य किया गया।
यातायात निरीक्षक संजय कुमार ने बताया कि दोपहर में ट्रेन का परिचालन बंद रहेगा। दिलदारनगर, सरहुला, नगसर,ताड़ीघाट सहित जिला मुख्यालय जाने वाले यात्रियों को परेशानी होगी। इधर चल रहे कार्य के दौरान सहायक अभियंता बक्सर राजेश मीना, वरीय रेलपथ निरीक्षक दानापुर घनश्याम मंडल सहित सिंगलन और टीआरडी विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।