गाजीपुर जिले के नोनहरा क्षेत्र के नोनहरा गांव में मामूली विवाद में नशे में धुत बड़े भाई ने चाकू से गोदकर छोटे भाई की हत्या कर दी। पुलिस फरार हत्यारोपी भाई की तलाश में दबिश दे रही है।नोनहरा गांव निवासी रिआजुल कुरैशी (26) और जियाउल कुरैशी सगे भाई हैं। बड़ा भाई जियाउल अक्सर शराब पीता था।
बृहस्पतिवार की देर शाम सात बजे नशे में धूत होकर वह आया और पड़ोस की एक महिला को गाली देने लगा। इससे लोगों की भीड़ जमा हो गई। तभी घर के अंदर से निकले भाई ने गाली देने से मना किया तो वह उससे भी भिड़ गया। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों को अलग-अलग कर दिया, लेकिन जियाउल इसको लेकर गुस्सा गया।
कुछ देर बाद वह कहीं से चाकू लेकर आया और अपने छोटे भाई से मारपीट करने लगा। इसी दौरान चाकू से रिआजुल के पैर व सिर में कई वार कर दिए इससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। चीख-पुकार सुनकर काफी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए और इलाज के लिए जिला चिकित्सालय ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।