जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के जीवपुर गांव में शनिवार की देर रात ट्रैक्टर-ट्राली पलटने से चालक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इधर, परिजनों के रोने-बिलखने से गांव में चीख-पुकार मची रही। गांव के लोग परिजनों को सांत्वना देने में जुटे रहे। जीवपुर गांव निवासी गणेश यादव (29) देर रात खेत में कार्य करने के बाद ट्रैक्टर-ट्राली लेकर घर वापस आ रहे थे। गांव को आ रही नहर के पास ट्रैक्टर-ट्राली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में ट्रैक्टर से दबकर चालक की मौके पर मौत हो गई। इधर, वाहन पलटने की आवाज सुनकर ग्रामीण दुर्घटना स्थल के तरफ दौड़ पड़े। कड़ी मशक्कत के बाद युवक के शव को बाहर निकालने में सफल हो सके। सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर कोतवाली आई। परिवार के लोग भी रोते-बिलखते कोतवाली पहुंच गए और युवक का शव देखकर दहाड़े मारकर रोने लगे। कागजी कार्रवाई के बाद शव मर्चरी हाउस भेज दिया गया। मृतक गणेश यादव दो भाइयों में सबसे बड़ा था। हादसे में उनके मौत की सूचना मिलते ही पत्नी और परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया था। गांव के लोगों का परिजनों को ढाढ़स बंधाने और शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए दरवाजे पर तांता लगा रहा। दूसरे दिन रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया। इस संबंध में कोतवाल महेंद्र सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया है। देर रात ट्रैक्टर-ट्राली पलटने से चालक की मौत हुई हैै।