सुहवल। थाना क्षेत्र के डुहिया गांव निवासी विवाहिता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने मंगलवार की देर शाम पति सहित पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरु कर दी। इधर सभी आरोपी घर छोड़कर फरार हो गए। उन्हें पकड़ने के लिए पुलिस दबिश दे रही है। पुलिस को दी गई तहरीर में पीड़िता के पिता नंदगंज थाना क्षेत्र के फतेउल्लाहपुर निवासी विजेंद्रनाथ तिवारी ने बताया कि पुत्री अनुराधा की शादी बीते 26 फरवरी 2019 को सुहवल थाना क्षेत्र के डुहिया गांव निवासी आशुतोष तिवारी के साथ हुई थी। आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही विवाहिता का पति, सास, भसुर, जेठानी तथा नंद आए दिन दहेज में चार पहिया वाहन की मांग न पूरा करने पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी देते थे। इसकी सूचना पुत्री अनुराधा ने कुछ दिनों बाद दी तो समझा-बुझाकर मामला शांत कराया गया। विवाहिता के पिता ने बताया कि कुछ माह पूर्व उसकी पुत्री को ससुराल पक्ष के लोगों ने अपनी मांगों को लेकर प्रताड़ित करने के साथ मारना-पीटना शुरु कर दिया। कुछ दिन बाद ससुराल पक्ष के लोग विवाहिता को ससुराल लेकर चले गए। जब वह पुत्री को बीते 16 मई को उसकी ससुराल लेकर पहुंचे तो देखा कि कमरे का दरवाजा बंद है। जब उन्होंने दरवाजा खोलने को कहा तो विवाहिता के पति सहित अन्य लोगों ने कहा कि जब तक चार पहिया की मांग पूरी नहीं होगी। घर में प्रवेश नहीं मिलेगा। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र सिंह ने बताया कि विवाहिता के पिता की तहरीर पर पति सहित पांच के खिलाफ मुकदमा दर्जकर आरोपियों की तलाश की जा रही है।